राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने कहा है कि जिले के सभी औद्योगिक प्रतिष्ठान एवं पावर प्लांट सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना की पुनरावृत्ति न हो।
वे आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सक्ती जिले के ग्राम सिंघीतराई स्थित पावर प्लांट में हुए हादसे के मद्देनजर जिले के औद्योगिक प्रतिष्ठानों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी इकाइयों में मानक अनुरूप उपकरण, मशीनरी और सुरक्षा व्यवस्था अनिवार्य रूप से होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को एक सप्ताह के भीतर प्राथमिकता से दूर करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने अग्निशामक यंत्र, फायर अलार्म, सीसीटीवी, मशीनों का उचित रखरखाव, बायलर सुरक्षा तथा कचरा प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया।
वायु एवं जल प्रदूषण नियंत्रण को लेकर भी कलेक्टर ने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने उद्योगों में डस्ट कलेक्शन सिस्टम, बैग फिल्टर, वेट स्क्रबर तथा जल छिड़काव जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही जल प्रदूषण नियंत्रण के लिए ईटीपी, न्यूट्रलाइजेशन पिट एवं सेटलिंग टैंक जैसी संरचनाओं की व्यवस्था अनिवार्य करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सभी औद्योगिक इकाइयों को जल संरक्षण के लिए वाटर रिचार्ज संरचनाएं एवं रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम 15 मई तक अनिवार्य रूप से बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही “मिशन जल रक्षा” के तहत जल संरक्षण कार्यों को गति देने पर बल दिया गया।
पर्यावरण संरक्षण के तहत वृक्षारोपण को भी अनिवार्य रूप से बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए। बैठक में इंजेक्शन वेल, बोरवेल रिचार्ज, परकोलेशन टैंक सहित विभिन्न जल पुनर्भरण तकनीकों पर प्रस्तुतीकरण दिया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, एसडीएम डोंगरगढ़ श्री एम. भार्गव, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक श्री सानू वी वर्गीस सहित उद्योग प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

