राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने आज राजनांदगांव विकासखंड के आयुष्मान आरोग्य मंदिर सुरगी में आयोजित प्रात:कालीन योगाभ्यास कार्यक्रम का निरीक्षण किया और स्वयं योग सत्र में शामिल हुए। उन्होंने उपस्थित योग लाभार्थियों को नियमित योग करने के लिए प्रोत्साहित किया और कहा कि 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करना बेहद जरूरी है।
कलेक्टर ने बताया कि बढ़ती भागदौड़ और तनाव के कारण मधुमेह, उच्च रक्तचाप और मोटापे जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। इनसे बचाव के लिए योग सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने सभी नागरिकों को प्रतिदिन कम से कम 30-45 मिनट योगाभ्यास करने की सलाह दी।
इस अवसर पर उन्होंने आयुष्मान आरोग्य मंदिर में संचालित राष्ट्रीय कार्यक्रमों की जानकारी ली और योग लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। योग सत्र में उपस्थित अभ्यासियों के अनुशासन और उत्साह की सराहना की और प्रशिक्षकों द्वारा सिखाए जा रहे आसन एवं प्राणायाम का अवलोकन किया।
कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी और उनके समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही उन्हें सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेकर अपने घरों में सोलर प्लांट स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। योगाभ्यास के बाद लाभार्थियों को रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने हेतु आयुष काढ़ा और अंकुरित चना-मूंग वितरित किया गया।
स्वस्थ जीवनशैली अभियान के तहत सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में प्रतिदिन योगाभ्यास और प्रत्येक बुधवार को योग शिविर आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला आयुष अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्रभारी, पीएचसी स्टाफ, योग प्रशिक्षक और ग्रामीण उपस्थित रहे।

