मोहला। जिले में नक्सलियों के खिलाफ जारी अभियान को पुलिस ने नई सफलता दिलाई है। मोहला मानपुर अम्बागढ़ चौकी पुलिस ने कोहकाटोला जंगल क्षेत्र में नक्सली कैंप पर छापा मारा। दबिश देखकर नक्सली हथियार और अन्य सामग्री छोड़कर मौके से भाग गए।
पुलिस ने सर्चिंग के दौरान 1 नग इंसास राइफल (बॉडी नंबर 16799802) मय मैगजीन जिसमें 15 जिंदा कारतूस, पावर बैंक, दवाईयां, बैग, खाद्य सामग्री और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की। जानकारी के अनुसार यह राइफल महिला नक्सली कमांडर हिडमे मरकाम के कब्जे में थी और इसे साल 2010 में कांकेर जिले के ग्राम भुस्की से लूट लिया गया था।
जिला पुलिस बल, सीएएफ और डीआरजी की संयुक्त टीम ने नक्सलियों की घेराबंदी की, लेकिन घने जंगल और पहाड़ी क्षेत्र का फायदा उठाकर नक्सली फरार हो गए। पुलिस उनके पीछे-पीछे गई, लेकिन जंगल के कारण उनका पकड़ना संभव नहीं हो सका।
बरामद सामग्री और हथियारों के आधार पर राजे, मंगेश, हिडमे और अन्य नक्सलियों के खिलाफ विधि विरुद्ध क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम की धारा 10, 13, 18, 20, 38(1)(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई है।
पुलिस लगातार इलाके में सर्चिंग अभियान चला रही है और फरार नक्सलियों की तलाश जारी है। इस सफलता से नक्सलियों में हड़कंप मचा हुआ है।

