राजनांदगांव। शासन के निर्देशानुसार “सही दवा-शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम पर 27 अप्रैल से 11 मई 2026 तक चल रहे 15 दिवसीय सघन जांच अभियान के तहत जिले में औषधि सुरक्षा को लेकर कड़ा निरीक्षण किया जा रहा है।
अभियान के द्वितीय दिवस, शहर में संचालित 7 थोक औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जबकि तीसरे दिवस शहर के 6 फुटकर औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरा, औषधियों के क्रय-विक्रय रिकार्ड, अवमानक औषधियों का संग्रहण, नार्कोटिक्स दवाओं के रिकॉर्ड और पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपस्थिति की स्थिति जाँची गई।
फुटकर प्रतिष्ठानों से दो औषधियों के नमूने जांच के लिए लिए गए। अधिकारियों ने संचालकों को निर्देश दिए कि खरीदी-बिक्री बिल के साथ गुणवत्तापूर्ण सामग्री का लेन-देन सुनिश्चित किया जाए।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने कहा कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दवा तथा आहार सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निगरानी जारी रहेगी।

