राजनांदगांव। जिले में धान खरीदी अभियान के तहत किसानों में खुशी और उल्लास का माहौल है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान धान खरीदी महाभियान में अब तक जिले में 91,735 पंजीकृत किसानों से 1,142 करोड़ 2 लाख 46 हजार रुपये मूल्य का 48,10,448.80 क्विंटल धान खरीदी जा चुकी है। इसके साथ ही, अब तक 15,06,050.40 क्विंटल धान का उठाव भी हो चुका है।
कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में धान खरीदी के लिए शानदार व्यवस्थाएं की गई हैं। धान खरीदी प्रक्रिया के लिए इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, पेयजल, छांव, बायोमैट्रिक डिवाईस मशीन, श्रमिक और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की उचित व्यवस्था की गई है। इसके अलावा, किसानों के धान की गुणवत्ता का परीक्षण आर्द्रता मापी यंत्र से किया जा रहा है।
कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्रों की सतत निगरानी रखने और कोचियों एवं बिचौलियों से अवैध धान की खरीदी पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जिले के सभी 96 धान खरीदी केन्द्रों में धान खरीदी की दर एवं सूची व फ्लैक्स लगाए गए हैं, ताकि किसानों को कोई भ्रम न हो।
किसान अब “टोकन तुंहर हाथ” मोबाईल एप के माध्यम से आसानी से अपना टोकन प्राप्त कर रहे हैं, जिससे उन्हें समय की बचत हो रही है और पूरे प्रक्रिया में आसानी मिल रही है।
कलेक्टर श्री यादव ने इस मौके पर कहा कि धान खरीदी अभियान की सफलता और किसानों की संतुष्टि सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और आगे भी इस दिशा में निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

