राजनांदगांव। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार खनिज विभाग की टीम ने गस्त के दौरान ग्राम घुमका क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत का अवैध परिवहन व भंडारण कर रहे दो हाईवा वाहनों को जप्त किया है। जप्त वाहनों को आगामी कार्रवाई के लिए थाना घुमका के सुपुर्द किया गया है।
चेकिंग के दौरान धरे गए वाहन
जानकारी के अनुसार, खनिज विभाग की टीम जब ग्राम चारभाठा, घुमका, पटेवा और बीजेतला के क्षेत्रों में गस्त पर थी, तब रेत से लदे दो वाहन संदिग्ध पाए गए। जांच के दौरान घुमका में देवेंद्र साहू के स्वामित्व वाली हाईवा (क्रमांक CG 07 CX 9116) को अवैध रूप से रेत परिवहन करते पकड़ा गया, जिसे ग्राम नंदनी निवासी हीरा पटेल चला रहा था। इसी तरह फागू वर्मा के स्वामित्व वाली हाईवा (क्रमांक CG 08 AE 2553) को अवैध भंडारण से रेत का परिवहन करने पर पकड़ा गया।
अधिनियम के तहत होगी सख्त कार्रवाई
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दोनों ही मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया जा रहा है। विभाग द्वारा अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण की रोकथाम के लिए ग्रामीण अंचलों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
“जिले में खनिजों का अवैध कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कलेक्टर के मार्गदर्शन में विभाग की टीम सक्रिय है और लगातार गस्त कर उत्खनन करने वालों पर पैनी नजर रखी जा रही है।”
— खनिज विभाग, राजनांदगांव
माफियाओं में हड़कंप:
प्रशासन की इस निरंतर कार्रवाई से खनिज माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की औचक कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

