मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह लगातार जनसंपर्क और विकास कार्यों की समीक्षा में जुटी हैं। वे प्रतिदिन जिले के विभिन्न ग्रामों का दौरा कर लोगों से मिल रही हैं और उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान के प्रयास कर रही हैं।
इस क्रम में ग्राम डुमरटोला, इरगांव, भर्रीटोला और बोरिया खड़गांव में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की अनुशंसा और अध्यक्ष नम्रता सिंह के विशेष प्रयासों से स्वीकृत प्रार्थना शेड निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। लगभग 10 लाख रुपये लागत से स्वीकृत इन शेड से ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
साथ ही ग्राम खड़गांव ठाकुरटोला में ग्रामीणों की पेयजल सुविधा को ध्यान में रखते हुए बोर खनन कार्य का भी शुभारंभ किया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि जिले के प्रत्येक ग्राम तक विकास पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। सड़क, पानी, शिक्षा, सामुदायिक भवन और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग विकास को आगे बढ़ाने में मदद कर रहा है।
अपने दौरे के दौरान नम्रता सिंह सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रमों में भी सक्रिय रहीं। डोंगरीटोला में जनपद उपाध्यक्ष अगनु कुमेटी के निवास पहुंचकर विवाह समारोह में भाग लिया और परिवारजनों को शुभकामनाएं दी। वहीं रामगढ़ में अनुज तुलावी के भतीजे के विवाह समारोह में शामिल होकर नवविवाहिता को सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दीं।
इसके अलावा मोहला वन धन केंद्र में आयोजित विश्व मजदूर दिवस कार्यक्रम में श्रमिकों का सम्मान किया और उनके योगदान को राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव बताया।
क्षेत्रवासियों के बीच लगातार सक्रियता, सरल व्यवहार और विकास के प्रति समर्पण के कारण नम्रता सिंह को जनता का व्यापक स्नेह और समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हर ग्राम, परिवार और वर्ग के लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनना उनका उद्देश्य है और इसी भावना के साथ वे जनता की सेवा में समर्पित रहेंगी।

