राजनांदगांव। जिले में धान खरीदी उत्सव को लेकर किसानों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत राज्य शासन द्वारा समर्थन मूल्य एवं कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर और प्रति एकड़ 21 क्विंटल की सीमा में धान खरीदी की जा रही है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशन में धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू बनाने व्यापक प्रबंधन किए गए हैं।
जिले के सभी 96 धान खरीदी केन्द्रों में किसानों के लिए पेयजल, छांव, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, बायोमैट्रिक डिवाइस, श्रमिक व्यवस्था सहित सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। धान की नमी जांचने के लिए आर्द्रता मापी यंत्र भी लगाए गए हैं। सभी केन्द्रों में दर सूची और सूचना फ्लैक्स प्रदर्शित किए गए हैं।
कलेक्टर यादव ने धान खरीदी केन्द्रों की सतत निगरानी के निर्देश देते हुए कोचियों और बिचौलियों से अवैध धान खरीदी पर सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
धान विक्रय के लिए किसान तुंहर हाथ मोबाइल एप से ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर रहे हैं, जिससे समय की बचत और प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित हो रही है।
प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अब तक जिले के 8003 पंजीकृत किसानों से कुल 94 करोड़ 20 लाख 01 हजार रुपये मूल्य का 3,96,094 क्विंटल धान खरीदा जा चुका है।
किसानों का कहना है कि इस वर्ष बेहतर व्यवस्था और उचित मूल्य से धान खरीदी उनके लिए एक उत्सव जैसा अनुभव दे रही है।

