मानपुर। निर्माणाधीन नेशनल हाईवे 930 पर रविवार शाम एक और बड़ा हादसा हो गया। मानपुर से महज दो किलोमीटर दूर माल्हर के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई जिसे प्राथमिक उपचार के बाद राजनांदगांव रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक बेलगांव निवासी पति-पत्नी श्रीराम कोमरे और नीलू कोमरे मानपुर बाजार से लौट रहे थे। इसी दौरान नेडगांव निवासी सोमदेव घवड़े पिता रामलाल घवड़े, जो अपने ससुराल कलवर से लौट रहे थे, सड़क पर रखी बोरी से टकराकर अनियंत्रित हो गए और सामने से आती कोमरे दंपती की बाइक से जा भिड़े। टक्कर इतनी भीषण थी कि सोमदेव घवड़े और श्रीराम कोमरे की मौके पर ही मौत हो गई। नीलू बाई गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मानपुर 112 की टीम ने घायल महिला को तत्काल मानपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर राजनांदगांव रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले दो वर्षों से निर्माणाधीन हाईवे पर ऐसी दुर्घटनाएं आम हो गई हैं। जगह-जगह सड़क खोदी गई है और गड्ढों के किनारे निर्माण मलबे से भरी बोरियां बीच सड़क पर रख दी जाती हैं। इन्हीं बोरियों से टकराकर आज का हादसा भी हुआ। दो सप्ताह पहले भी इसी हाईवे पर अनियंत्रित बाइक और कार की टक्कर में एक युवक की मौत हो चुकी है।
लगातार हो रही दुर्घटनाओं के खिलाफ मानपुर क्षेत्र के लोग कई बार चक्काजाम और प्रदर्शन कर चुके हैं। हर बार निर्माण एजेंसी बेहतर काम और समय-सीमा में निर्माण पूरा करने का आश्वासन देती रही, लेकिन स्थितियां जस की तस बनी हुई हैं। दूसरी ओर आंदोलन में शामिल स्थानीय नेताओं पर भी लोगों का भरोसा उठता दिख रहा है।
आज की घटना के बाद क्षेत्रवासियों का आक्रोश चरम पर है। लोग निर्माण एजेंसी और ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग कर रहे हैं। अब देखना यह है कि क्या इस बार जिम्मेदार जनप्रतिनिधि कड़े कदम उठाते हैं या फिर मामला एक बार फिर आश्वासनों की भेंट चढ़ जाता है।

ताज़ा ख़बर :
- मोदी सरकार के 12 साल की उपलब्धियों को देख रहे लोग, बृजमोहन अग्रवाल ने किया फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन
- टीएल बैठक में कलेक्टर के कड़े निर्देश : सीएम हेल्पलाइन के आवेदनों का समय-सीमा में करें गुणवत्तापूर्ण निराकरण
- जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी लोगों की समस्याएं, कई मामलों का मौके पर हुआ समाधान
- हाईरिस्क 1884 गर्भवती महिलाओं की हुई नि:शुल्क सोनोग्राफी, मातृ-शिशु मृत्यु दर कम करने पर फोकस
- यूपीएससी चयनित अभ्यर्थी देंगे सफलता के मंत्र, 20 जून को होगा मार्गदर्शन कार्यक्रम
- जनदर्शन में पहुंची फरियाद तो मिली राहत, कृषक की पैतृक जमीन अवैध कब्जे से मुक्त
- खरीफ सीजन के लिए समितियों में पर्याप्त खाद-बीज उपलब्ध, किसानों को नहीं होगी परेशानी
- विश्व रक्तदान दिवस पर जिले में 155 यूनिट रक्त संग्रह, समाजसेवियों और जवानों ने दिखाई सहभागिता
