राजनांदगांव। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोयम्बटूर (तमिलनाडु) से जिले के 1,03,203 किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त के रूप में 20 करोड़ 64 लाख रूपए का भुगतान आधार-बेस्ट प्रणाली के माध्यम से किया।
इस अवसर पर सांसद श्री संतोष पाण्डेय कृषि विज्ञान केन्द्र सुरगी में आयोजित कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से जुड़े। उन्होंने किसानों को शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेकर उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती किरण वैष्णव और समाजसेवी श्री कोमल सिंह राजपूत ने भी किसानों को आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कृषि विज्ञान केन्द्र की वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. गुंजन झा ने केन्द्र की गतिविधियों की जानकारी दी। उप संचालक कृषि श्री टीकम सिंह ठाकुर ने विभागीय योजनाओं और रबी फसलों में धान के स्थान पर दलहन और तिलहन फसल लगाने के लिए किसानों को प्रेरित किया।
कार्यक्रम में कृषि से संबंधित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल और प्रदर्शनी लगाई गई, जिससे किसानों को नवीनतम तकनीक और योजनाओं की जानकारी दी गई। प्रक्षेत्र प्रबंधक श्री आशीष गौरव शुक्ला ने प्राकृतिक खेती और केन्द्र की गतिविधियों पर किसानों को जागरूक किया।
इसके अलावा उद्यानिकी विभाग, लीड बैंक, पशुधन विकास विभाग और मत्स्य पालन विभाग के प्रतिनिधियों ने भी किसानों को विभागीय योजनाओं और लाभों की जानकारी दी। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती किरण साहू, सदस्य जिला पंचायत श्रीमती जागृति यादव, सांसद प्रतिनिधि श्री बिशेसर दास साहू सहित लगभग 400-500 किसान उपस्थित रहे।

