राजनांदगांव। पुलिस चौकी सुरगी क्षेत्र में किसानों के खेतों से केबल तार, सबमर्सिबल पंप और झटका मशीन चोरी करने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है।
प्रार्थियों की रिपोर्ट के अनुसार, 28-29 नवंबर से 7 दिसंबर 2025 के बीच अज्ञात चोरों ने ग्राम खैरा के लगभग सात किसानों के खेतों से 1 नग सबमर्सिबल पंप, लगभग 810 फीट केबल वायर और पाना-पेंचिस चोरी कर लिया था।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने संदेही व्यक्तियों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पिंटू उर्फ दुर्लभ उर्फ दीनू मेश्राम (25), निवासी बैगा पारा, अटल आवास लखोली ने अपने साथी राहुल बांसफोड़ उर्फ कोंदा और तीन नाबालिगों के साथ मिलकर चोरी की घटना अंजाम देने की बात स्वीकार की।
आरोपियों द्वारा प्रयुक्त मोटरसाइकिल और चोरी का सामान पहले थाना सोमनी में जप्त किया जा चुका था। आरोपियों के खिलाफ विधिवत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
सराहनीय योगदान: इस कार्यवाही में सउनि हरीश तेंभुरकर, आरक्षक यशवंत साहू, आरक्षक चमन साहू, आरक्षक संतोष देशमुख और सुरगी स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

