राजनांदगांव। थाना बसंतपुर पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट सट्टा रैकेट के एक फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा है। इससे पहले मोहारा नाला के पास संचालित हाईटेक ऑनलाइन सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी मूलचंद प्रजापति (26), पुत्र धरम प्रजापति, निवासी मोहारा को विश्वसनीय सूचना के आधार पर दबिश देकर पकड़ा गया। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन एवं अलेक्जेंडर किरो के मार्गदर्शन में साइबर सेल और थाना बसंतपुर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
इससे पहले गिरफ्तार पांच आरोपी—वीरू प्रजापति, रूपेश पाण्डे, आयुष मेश्राम, मोहित देवांगन और लक्की देवांगन—के कब्जे से लैपटॉप, मोबाइल, चार्जर, नगदी और सट्टा पट्टी सहित लगभग 5,50,000 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई थी।
प्रकरण में अभी भी एक आरोपी सादिक खान निवासी नागपुर (महाराष्ट्र) फरार है। पुलिस उसकी तलाश लगातार कर रही है।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी एमन साहू, उप निरीक्षक देवादास भारती और आरक्षक आशीष मानिकपुरी, कुश बघेल, रूपेन्द्र वर्मा एवं राजेश बंदेश्वर की सक्रिय भूमिका रही।

