राजनांदगांव। शहर में आर्थिक सहायता दिलाने के नाम पर संगठित ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें आरोपियों द्वारा भोले-भाले लोगों को जाल में फंसाकर लाखों रुपए की धोखाधड़ी की गई है। पीड़ितों ने इस संबंध में समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. ओमप्रकाश साहू के साथ जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अशरफ सिद्दीकी पिता मोहम्मद बशीर सिद्दीकी एवं दाऊत सिद्दीकी पिता हनीफ सिद्दीकी द्वारा मानव मंदिर चौक स्थित श्री अम्बे मोबाईल दुकान में लोगों को ले जाकर आर्थिक मदद दिलाने का झांसा दिया जाता था। आरोपियों ने पीड़ितों से आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य दस्तावेज वेरिफिकेशन के नाम पर जमा कराए, उनकी फोटो खिंचवाई एवं अंगूठे लगवाए। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ितों के नाम पर लोन स्वीकृत कराकर मोबाईल, वाशिंग मशीन, लैपटॉप एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदे, जिसकी कुल कीमत लगभग 8 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। आरोपियों द्वारा पीड़ितों को उनके ही पैसों में से थोड़ी राशि देकर मदद का दिखावा किया गया, जबकि असल में उनके नाम पर भारी कर्ज डाल दिया गया। इस मामले में एक आरोपी के पिता मोहम्मद बशीर सिद्दीकी, जो शहर के नामी वकील बताए जा रहे है, पर भी गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़ितों का कहना है कि, जब वे पैसे वापस लेने के लिए उनके घर पहुंचे, तो उन्हें धमकाया गया और कहा गया कि, जहां शिकायत करनी है कर लो, बड़े नेताओं से संबंध हैं।
पीड़ितों ने यह भी दी कि अशरफ सिद्दीकी के मोबाईल नंबर में कुछ दिन तक ट्रू कॉलर में छत्तीसगढ़ शासन के नाम अंकित होता था। वहीं उन्होंने आरोप लगाया कि अशरफ सिद्दीकी और दाऊद सिद्दीकी के साथ कुछ फायनेंसर मिले हुए भी है। एक पीड़ित दुलेश्वर साहू ने बताया कि मेरे नाम से मोबाईल जिसकी कीमत 80 हजार रूपये बतायी गयी है, उसका फायनेंस फोटो मानव मंदिर चौक स्थित श्री अंबे मोबाईल का है और फायनेंस नंदई चौक स्थित क्रोमा से हुआ है। श्री साहू ने बताया कि उक्त मोबाईल मुझे नहीं मिला है। इसी प्रकार अन्य पीड़ितों ने बताया कि जो भी सामान फायनेंस हुआ है, वह उनको आज तक नहीं मिला है।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. ओमप्रकाश साहू ने इस मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि, यदि पीड़ितों या उनके परिजनों को किसी प्रकार की जनहानि होती है, तो इसकी पूर्ण जिम्मेदारी आरोपियों की होगी। उन्होंने प्रशासन से तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश सचिव एवं पूर्व जिला प्रभारी ईमानवेल सिंह, प्रदेश सचिव मोतीलाल यादव, पूर्व शहर अध्यक्ष ललित कुमार साहू, पूर्व शहर उपाध्यक्ष रवि ठाकुर सहित पीड़ितगण मनहरण साहू, अश्वनी सिंह, नारद साहू, भरत लाल तेली, टोमेन्द्र, दुलेश्वर साहू, चंद्रशेखर यादव, अतुल साहू एवं अन्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अपुष्ट जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने शहर के अन्य कई लोगों को भी इसी तरह ठगी का शिकार बनाया है, जिससे आने वाले समय में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन से मांग की गई है कि, इस संगठित ठगी गिरोह की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए, ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

ताज़ा ख़बर :
- मोदी सरकार के 12 साल की उपलब्धियों को देख रहे लोग, बृजमोहन अग्रवाल ने किया फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन
- टीएल बैठक में कलेक्टर के कड़े निर्देश : सीएम हेल्पलाइन के आवेदनों का समय-सीमा में करें गुणवत्तापूर्ण निराकरण
- जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी लोगों की समस्याएं, कई मामलों का मौके पर हुआ समाधान
- हाईरिस्क 1884 गर्भवती महिलाओं की हुई नि:शुल्क सोनोग्राफी, मातृ-शिशु मृत्यु दर कम करने पर फोकस
- यूपीएससी चयनित अभ्यर्थी देंगे सफलता के मंत्र, 20 जून को होगा मार्गदर्शन कार्यक्रम
- जनदर्शन में पहुंची फरियाद तो मिली राहत, कृषक की पैतृक जमीन अवैध कब्जे से मुक्त
- खरीफ सीजन के लिए समितियों में पर्याप्त खाद-बीज उपलब्ध, किसानों को नहीं होगी परेशानी
- विश्व रक्तदान दिवस पर जिले में 155 यूनिट रक्त संग्रह, समाजसेवियों और जवानों ने दिखाई सहभागिता
