खैरागढ़। जिले के थाना गातापार क्षेत्र में 22 फरवरी 2026 को पुलिस टीम ने पशु तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 02 नग मवेशी भी बरामद किए गए, जिनमें एक भैंस और एक पड़वा शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों को खैरागढ़ की ओर जंगल के रास्ते कत्लखाना ले जाते हुए पकड़ा, जहां वे मवेशियों को क्रूरता से मारते हुए ले जा रहे थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कुदरत खान (32 वर्ष) निवासी टीमकीटोला, थाना बहेला, जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) और भुनेश्वर बघेल (35 वर्ष) निवासी गाडाघाट, थाना गातापार, जिला केसीजी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मवेशियों के पैरों और गले में रस्सी बांधकर उन्हें लाठी-डंडे से पीटते हुए कत्लखाना ले जाने की कोशिश की थी।
पुलिस ने भुनेश्वर बघेल के पास से एक भैंस और एक पड़वा (कीमत 11,000 रुपये), तीन प्लास्टिक रस्सी और कुदरत खान से एक होण्डा साइन मोटरसाइकिल (सीजी 04 एमयू 0414) बरामद की, जिसकी कीमत लगभग 30,000 रुपये बताई जा रही है।
आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु संरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 और पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दौरान पुलिस ने कहा कि पशु तस्करी के खिलाफ उनकी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी और जल्द ही आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

