राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित रजत जयंती समारोह की श्रृंखला में शासकीय कमलादेवी राठी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एल्युमिनी मीट (पूर्व छात्र मिलन) का भव्य आयोजन किया गया। महाविद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 60 पूर्व छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए एल्युमिनी एसोसिएशन की प्रभारी प्राध्यापक डॉ. हरप्रीत कौर गरचा ने बताया कि इस अवसर पर एसोसिएशन की अध्यक्ष श्रीमती शारदा तिवारी, उपाध्यक्ष श्रीमती संध्या देशपांडे, कोषाध्यक्ष श्रीमती वर्षा अग्रवाल तथा संयुक्त सचिव डॉ. सोनल मिश्रा ने संगठन की गतिविधियों को विस्तार देने पर जोर दिया और अपने बहुमूल्य सुझाव साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व छात्राओं ने महाविद्यालय में बिताए अपने छात्र जीवन की सुनहरी यादें साझा कीं और उस दौर के प्राध्यापकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
डोंगरगढ़ की वर्तमान विधायक व महाविद्यालय की पूर्व छात्रा श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल ने भी एल्युमिनी मीट में विशेष रूप से भाग लिया। उन्होंने बताया कि वे वर्ष 2010 में इस महाविद्यालय से स्नातक हुई थीं और आज जो कुछ भी हैं, उसमें महाविद्यालय के प्राध्यापकों का विशेष योगदान रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित जिला लोक अदालत, राजनांदगांव की जज सुश्री नेहा गुप्ता ने छात्राओं को संबोधित करते हुए सोशल मीडिया के प्रति सचेत रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में युवाओं को संबंधों को लेकर सतर्क रहना चाहिए और किसी भी संकट की स्थिति में अपने माता-पिता की सलाह को प्राथमिकता देनी चाहिए।
इस अवसर पर महाविद्यालय की पूर्व छात्रा एवं राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी कु. छाया वर्मा को एल्युमिनी एसोसिएशन द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य व एल्युमिनी एसोसिएशन के पदेन सचिव डॉ. ओंकार लाल श्रीवास्तव ने अपने उद्बोधन में संगठन के दायरे को और अधिक व्यापक बनाने की बात कही, जिससे एसोसिएशन के कोष में वृद्धि हो सके और रचनात्मक कार्यों को मूर्त रूप दिया जा सके।
महाविद्यालय जनभागीदारी समिति की अध्यक्ष सुश्री मणिभास्कर गुप्ता ने सभी आमंत्रित पूर्व छात्राओं का आभार प्रकट करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से संस्था और पूर्व छात्राओं के मध्य संबंध और अधिक मजबूत होते हैं।
कार्यक्रम में कार्यकारिणी सदस्य शीतल पारख, सीमा डोल्हे, भारती गौते, रूचि जैन सहित कई आजीवन सदस्यगण भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. बसंत कुमार सोनबेर ने किया। आयोजन को सफल बनाने में सुश्री आबेदा बेगम, महेन्द्र मेश्राम, डॉ. बृजबाला उइके तथा डॉ. नीता एस. नायर की सराहनीय भूमिका रही।

ताज़ा ख़बर :
- मोदी सरकार के 12 साल की उपलब्धियों को देख रहे लोग, बृजमोहन अग्रवाल ने किया फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन
- टीएल बैठक में कलेक्टर के कड़े निर्देश : सीएम हेल्पलाइन के आवेदनों का समय-सीमा में करें गुणवत्तापूर्ण निराकरण
- जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी लोगों की समस्याएं, कई मामलों का मौके पर हुआ समाधान
- हाईरिस्क 1884 गर्भवती महिलाओं की हुई नि:शुल्क सोनोग्राफी, मातृ-शिशु मृत्यु दर कम करने पर फोकस
- यूपीएससी चयनित अभ्यर्थी देंगे सफलता के मंत्र, 20 जून को होगा मार्गदर्शन कार्यक्रम
- जनदर्शन में पहुंची फरियाद तो मिली राहत, कृषक की पैतृक जमीन अवैध कब्जे से मुक्त
- खरीफ सीजन के लिए समितियों में पर्याप्त खाद-बीज उपलब्ध, किसानों को नहीं होगी परेशानी
- विश्व रक्तदान दिवस पर जिले में 155 यूनिट रक्त संग्रह, समाजसेवियों और जवानों ने दिखाई सहभागिता
