राजनांदगांव। भारत सरकार की पीएम-राहत योजना (प्रधानमंत्री-रोड एक्सीडेंट विक्टिम हॉस्पिटलाइजेशन एंड एश्योर्ड ट्रीटमेंट) के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को तत्काल और कैशलेस उपचार की सुविधा दी जाएगी। योजना के तहत गोल्डन ऑवर, यानी दुर्घटना के तुरंत बाद के महत्वपूर्ण समय में, मरीजों को पंजीकृत सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में प्रति व्यक्ति अधिकतम 1 लाख 50 हजार रुपए तक का कैशलेस ईलाज मिलेगा।
जिले में पीएम-राहत योजना का प्रभावी क्रियान्वयन शुरू हो चुका है। इसी कड़ी में प्रथम प्रकरण के तहत श्री मिनेश कोसरे (ग्राम पचपेड़ी) को 15 मार्च को सड़क दुर्घटना के बाद अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय राजनांदगांव में पंजीकृत कर उपचार प्रारंभ किया गया। दुर्घटना में सिर पर चोट लगने के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल लाया गया और कैशलेस ईलाज प्रदान किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने बताया कि योजना का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना है। गोल्डन ऑवर में त्वरित उपचार से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है।
जिले में इस योजना के क्रियान्वयन के लिए 34 सरकारी अस्पताल और 37 निजी अस्पतालों के प्रभारी व संचालकों को प्रशिक्षण देकर आवश्यक जानकारी दी जा चुकी है। योजना के संबंध में जानकारी निकटतम स्वास्थ्य केंद्र या मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।

