राजनांदगांव। नगर के प्रतिष्ठित दिग्विजय महाविद्यालय में व्याप्त शैक्षणिक अव्यवस्था और छात्र विरोधी कार्यशैली के खिलाफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने आंदोलन तेज कर दिया है। परिषद के कार्यकर्ताओं ने नगर मंत्री अक्षत श्रीवास्तव के नेतृत्व में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को ज्ञापन सौंपकर महाविद्यालय की वर्तमान प्राचार्या को हटाने और शैक्षणिक माहौल सुधारने की मांग की है।
छात्रों पर दबाव बनाने और मोबाइल जब्ती का आरोप
एबीवीपी पदाधिकारियों ने विधानसभा अध्यक्ष को बताया कि महाविद्यालय में इन दिनों भय और दबाव का वातावरण निर्मित हो गया है। नगर मंत्री अक्षत श्रीवास्तव ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं को सुनने के बजाय उनके साथ अनुचित व्यवहार किया जा रहा है। छोटी-छोटी बातों पर छात्र-छात्राओं के मोबाइल फोन जब्त किए जा रहे हैं,जो पूरी तरह से गलत है।
एटीकेटी शुल्क और परिणामों में देरी से आक्रोश
जिला संयोजक धनंजय पांडे ने कहा कि एटीकेटी परीक्षाओं के नाम पर विद्यार्थियों से अत्यधिक शुल्क वसूला जा रहा है। वहीं, परीक्षा परिणामों में लगातार हो रही देरी के कारण छात्र अपना शैक्षणिक वर्ष बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चंदना श्रीवास्तव ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कॉलेज का शैक्षणिक स्तर गिर रहा है और छात्रहित पूरी तरह हाशिए पर हैं।
सकारात्मक वातावरण की मांग
परिषद ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन समस्याओं का निराकरण कर कॉलेज में सकारात्मक और छात्रहितकारी माहौल सुनिश्चित नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रतीक गढ़वाल, नगर सह मंत्री भूपेंद्र पाल, नगर एसएफएस प्रमुख चैतन्य त्रिवेदी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

