राजनांदगांव। विश्व रेडक्रास दिवस के अवसर पर जिले में आयोजित रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर और महिलाओं के लिए कैंसर जांच शिविर में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रक्तदान शिविर में कुल 56 यूनिट रक्तदान किया गया।
विभिन्न ब्लड बैंकों में रक्तदान का विवरण इस प्रकार रहा – मेडिकल कॉलेज ब्लड बैंक में 17 यूनिट, जिला अस्पताल ब्लड बैंक में 13 यूनिट, नांदगांव ब्लड बैंक में 13 यूनिट, बालाजी ब्लड बैंक में 5 यूनिट, बिलासा ब्लड बैंक में 3 यूनिट और लाइफ लाइन ब्लड बैंक में 5 यूनिट रक्तदान किया गया।
स्वास्थ्य शिविरों में सिकलिंग, थैलेसिमिया, एनीमिया, रक्तचाप और मधुमेह की जांच की गई। महिलाओं के लिए आयोजित कैंसर जांच शिविर में ब्रेस्ट कैंसर और सर्वाइकल कैंसर की प्रारंभिक जांच कराई गई और विशेषज्ञों द्वारा परामर्श प्रदान किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं सचिव भारतीय रेडक्रास सोसायटी राजनांदगांव डॉ. नेतराम नवरतन ने रेडक्रास सोसायटी द्वारा दी जा रही सेवाओं की जानकारी दी और संस्थापक हेनरी डुनेंट को याद किया। सह सचिव श्री सुशील जैन एवं श्री हेमंत तिवारी ने रक्त दाताओं को प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर दिग्विजय महाविद्यालय के रजिस्ट्रार श्री पघनिया को 26वीं बार रक्तदान करने पर सम्मानित किया गया। प्रबंधक सह जिला संगठक श्री प्रदीप शर्मा ने रेडक्रास डे पर शिविर और ब्लड बैंक से संबंधित जानकारी दी।
शिविर में श्री उत्तम चंद जैन, श्री राजेश जैन, परंपरा ग्रुप के श्री दिव्यांशु गोलछा, श्री मनोज सिंह, रेडक्रास सोसायटी के पदाधिकारी, सदस्य, वालंटियर, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
इस तरह जिले में विश्व रेडक्रास दिवस पर सामाजिक सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता के प्रति नागरिकों की भागीदारी सराहनीय रही।

