डोंगरगढ़। शादी का झांसा देकर महिला के साथ दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो वायरल करने वाले आरोपी विकास कोसले को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा है।
पीड़िता ने दिनांक 10 अप्रैल 2026 को थाना डोंगरगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि लगभग 5-6 महीने पूर्व शादी समारोह में विकास कोसले से मुलाकात हुई थी। इसके बाद दोनों ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती की। 23 मार्च 2026 को आरोपी ने पीड़िता को राधिका लॉज ले जाकर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी से इंकार कर दिया। साथ ही संबंध के दौरान बनाए गए अश्लील वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वायरल कर दिया।
पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना डोंगरगढ़ में धारा 69 बीएनएस एवं 67(क) आईटी एक्ट के तहत अपराध क्रमांक 175/2026 दर्ज किया गया और विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव अंकिता शर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
गिरफ्तारी में थाना प्रभारी डोंगरगढ़ प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल और निरीक्षक संतोष जायसवाल के नेतृत्व में उप निरीक्षक गीतांजलि सिन्हा, सउनि तुलाराम बांधे और प्र.आर. संजय देवांगन का विशेष योगदान रहा।

