राजनांदगांव। जिले में चल रहे धान खरीदी अभियान से किसानों में खुशी और उल्लास का माहौल है। शासन द्वारा समर्थन मूल्य और कृषक उन्नति योजना के तहत 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीदी की जा रही है। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में इस अभियान को लेकर प्रशासन ने पूरी व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित किया है।
इस अभियान के तहत अब तक जिले के 100032 पंजीकृत किसानों से 1205 करोड़ 41 लाख 87 हजार रुपये मूल्य का कुल 5077504.80 क्विंटल धान खरीदी की जा चुकी है। किसान टोकन प्रणाली के माध्यम से समय की बचत कर रहे हैं, जिससे उन्हें पूरी सुविधा मिल रही है। टोकन प्राप्त करने के लिए किसान “तुंहर हाथ” मोबाइल एप का उपयोग कर रहे हैं, जिससे उनकी धान बिक्री प्रक्रिया सरल और त्वरित हो रही है।
सुविधाओं का इंतजाम
धान खरीदी के लिए सभी 96 धान उपार्जन केन्द्रों पर आधुनिक व्यवस्थाएं की गई हैं। इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, पेयजल, छांव, बायोमैट्रिक डिवाइस मशीन, श्रमिकों की व्यवस्था और आर्द्रता मापी यंत्र से धान का परीक्षण किया जा रहा है। कलेक्टर श्री यादव ने केन्द्रों पर लगातार निगरानी रखने और अवैध धान खरीदी पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
उठाव में तेजी
धान उपार्जन केन्द्रों से अब तक 1665642.30 क्विंटल धान का उठाव भी किया जा चुका है, और यह प्रक्रिया जारी है। प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया है कि किसानों को उनका धान समय पर उठाया जाए और उनके लिए कोई कठिनाई न हो।
कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य देना और धान की खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी, सुलभ और कारगर बनाना है। किसानों की संतुष्टि प्रशासन के लिए प्राथमिकता है और इस दिशा में सभी उपाय किए जा रहे हैं।

