राजनांदगांव। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत चल रहे धान खरीदी महाभियान से किसानों में उत्साह और खुशी का माहौल है। शासन द्वारा समर्थन मूल्य एवं कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से और प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक के मान से धान खरीदी की जा रही है।
कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशन में जिले के सभी 96 धान खरीदी केन्द्रों पर सुचारू और पारदर्शी संचालन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। इन केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, पेयजल, छांव, बायोमैट्रिक डिवाइस, श्रमिक एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। किसानों के धान की गुणवत्ता जांच के लिए आर्द्रता मापी यंत्र का उपयोग किया जा रहा है।
धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए केंद्रों में खरीदी दर और सूची के साथ फ्लेक्स लगाए गए हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि खरीदी केन्द्रों की सतत निगरानी की जाए और कोचियों व बिचौलियों द्वारा की जाने वाली अवैध खरीदी पर सख्त कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही, किसान अब “टोकन तुंहर हाथ” मोबाइल एप के माध्यम से टोकन प्राप्त कर धान बेच रहे हैं, जिससे उन्हें समय की बचत और सुविधा मिल रही है।
उल्लेखनीय है कि अब तक जिले में 84398 पंजीकृत किसानों से 1047 करोड़ 41 लाख 77 हजार रुपये मूल्य का कुल 4411868.40 क्विंटल धान खरीदा जा चुका है। साथ ही, धान का उठाव भी जारी है और अब तक 1189219.50 क्विंटल धान उपार्जन केन्द्रों से उठाया गया है।
धान खरीदी अभियान ने किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ कृषि क्षेत्र में उत्साह और भरोसा बढ़ाया है।
