राजनांदगांव। नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति को देखते हुए सत प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने और बड़े बकायादारों से करों की वसूली कड़ाई से करने के निर्देश दिए।
बैठक में आयुक्त ने वार्डवार वसूली की जानकारी लेकर कम वसूली पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी राजस्व उप निरीक्षकों से नए करदाताओं, डिमांड के विरुद्ध मकानों और सम्पत्तिकरदाताओं की जानकारी लेकर मांग पंजी से मिलान कर वसूली करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जिन बड़े बकायादारों को नोटिस दिया गया है, उनसे कर वसूली में कोई कोताही नहीं होनी चाहिए। भुगतान न करने पर नल विच्छेदन और समाचार पत्रों में नाम प्रकाशन की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने प्रभारियों से वसूली में आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी ली। प्रभारियों ने बताया कि श्रमिक बहुल क्षेत्रों में वसूली अपेक्षा के अनुसार नहीं हो पा रही है और जनगणना कार्य के कारण भी परेशानी है। आयुक्त ने कहा कि जनगणना का काम अपने वार्ड में ही करने से वसूली प्रभावित नहीं होगी और वार्ड पार्षद से सहयोग लेकर वसूली सुनिश्चित की जाए।
महापौर मधुसूदन यादव ने भी योजनाबद्ध वसूली करने के निर्देश दिए हैं। आयुक्त ने राजस्व अधिकारी राजेश तिवारी से प्रतिदिन वसूली की जानकारी लेने और सभी सहायक राजस्व निरीक्षकों से अपने-अपने वार्डों में जाकर वसूली सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में सभी सहायक राजस्व निरीक्षक उपस्थित थे।

