राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों एवं शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए सभी नगरीय निकायों में जलभराव वाले स्थानों का चिन्हांकन कर प्रभावी जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन 1076, मुख्यमंत्री जनदर्शन, जन शिकायतों, सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों, साप्ताहिक समय-सीमा, पीजीएन, पीजी पोर्टल एवं जनदर्शन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विधानसभा सत्र से संबंधित प्रश्नों के उत्तर निर्धारित समयावधि में प्रस्तुत करने तथा सभी स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के आधार सत्यापन का कार्य प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का परीक्षण शीघ्र पूर्ण कर पात्र हितग्राहियों के घरों में सोलर पैनल स्थापना का कार्य तेजी से कराया जाए। उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की देरी अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने प्राकृतिक सौर ऊर्जा के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के लिए वार्डों एवं ग्राम पंचायतों में नियमित रूप से सूर्यघर सभाएं आयोजित करने तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों के बिजली व्यय में कमी लाने वाली महत्वपूर्ण योजना है। जिले में अब तक 3 हजार 828 हितग्राहियों के यहां सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे वे स्वयं ऊर्जा उत्पादक बन चुके हैं और उन्हें अतिरिक्त बिजली उत्पादन से आर्थिक लाभ भी मिल रहा है। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना से लाभान्वित करने के लिए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिले में संचालित एचपीवी टीकाकरण अभियान की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा संचालित इस अभियान के तहत किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए निःशुल्क टीका लगाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को अभिभावकों एवं बच्चों को एचपीवी वैक्सीन के महत्व के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन भविष्य में गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए अत्यंत प्रभावी है। जिले में अब तक 4 हजार 281 किशोरी बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण किया जा चुका है। कलेक्टर ने हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की स्क्रीनिंग का कार्य अनिवार्य रूप से तेज गति से करने के निर्देश दिए। उन्होंने हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की समय पर सोनोग्राफी, उपचार, आवश्यक दवाइयों एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही उनके स्वास्थ्य की प्रतिदिन मोबाइल के माध्यम से मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम डोंगरगढ़ एम भार्गव, एसडीएम राजनांदगांव गौतम पाटिल, एसडीएम डोंगरगांव श्रीकांत कोराम सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

ताज़ा ख़बर :
- परिजनों की सहमति से किशोरियों को लगाया जा रहा एचपीवी टीका, जिले में 4281 बालिकाओं का हुआ टीकाकरण
- प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में लाएं तेजी : कलेक्टर
- ठाकुरटोला टोल प्लाजा से लेकर नेशनल हाईवे की बदहाली पर कांग्रेस का हमला
- स्वास्तिक समिति की बैठक संपन्न : समाज सेवा और गौसेवा को मिलेगा बल, जल्द बनेगी नवीन जिला-शहर कार्यकारिणी
- लोकार्पण से पहले ही धंसा 22 करोड़ का बरगा ओवरब्रिज : विपिन यादव
- महापौर की मौजूदगी में नवनियुक्त नामांकित पार्षदों का निगम में भव्य स्वागत
- पहली बारिश में बह गया भ्रष्टाचार का पुल, दोषियों पर एफआईआर हो : जितेंद्र मुदलियार
- पेपर लीक, भर्ती में देरी और बढ़ती बेरोजगारी से युवाओं का भविष्य खतरे में : विपिन यादव
