राजनांदगांव। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से छुरिया विकासखंड के वनांचल ग्राम मोरकुटूम्ब निवासी मितानीन प्रशिक्षक श्रीमती कामती बाई साहू के परिवार को बड़ी राहत मिली है। घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित होने के बाद उनका बिजली बिल शून्य हो गया है, जिससे हर महीने लगभग एक हजार रुपये की बचत हो रही है।
श्रीमती कामती साहू ने बताया कि वे मितानीन प्रशिक्षक हैं और उनके पति किराना दुकान संचालित करते हैं। पहले हर माह एक हजार रुपये से अधिक का बिजली बिल आता था, जिससे घरेलू बजट प्रभावित होता था। योजना की जानकारी मिलने पर उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत आवेदन कर अपने घर में 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल लगवाया।
उन्होंने बताया कि सोलर प्लांट की स्थापना के लिए केंद्र सरकार से 78 हजार रुपये और राज्य सरकार से 30 हजार रुपये की सब्सिडी मिली। कुल 1.08 लाख रुपये की सहायता मिलने से बिना आर्थिक परेशानी के सोलर प्लांट स्थापित हो सका। अब परिवार अपनी जरूरत की बिजली स्वयं तैयार कर रहा है और अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजकर उसका भी लाभ प्राप्त कर रहा है।
कामती साहू ने कहा कि यह योजना केवल बिजली बिल में बचत का माध्यम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल है। सौर ऊर्जा के उपयोग से पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम होती है और प्रदूषण में भी कमी आती है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में योजना का लाभ लेने की अपील की।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना विशेष रूप से ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के परिवारों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। इससे आर्थिक बचत, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण जैसे तीनों उद्देश्यों की एक साथ पूर्ति हो रही है।

