राजनांदगांव। प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 शहरी के तहत राजनांदगांव शहर में कुल 869 आवासों की स्वीकृति मिली है। बी.एल.सी. के तहत हितग्राही द्वारा स्वयं से निर्माण किए जाने वाले इन आवासों में नगर के विभिन्न वार्डों में 33 आवास निर्माण पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 434 आवास निर्माणाधीन हैं।
इस योजना का लाभ उठाकर अपने घर में रहने वाले शहर के दिग्विजय साहू पेशे से ड्राइवर हैं। उन्होंने सीमित आय में भी कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और त्याग से अपने परिवार के भविष्य के लिए पीएम आवास योजना के सहयोग से अपना घर बनवाया।
दिग्विजय की पत्नी चंद्रिका साहू ने बताया कि पहले उनका परिवार किराये के घर में रहता था। तीन बच्चों की जिम्मेदारी और पति की लंबी यात्राओं के दौरान घर संभालना उनके लिए आसान नहीं था। दो साल पहले दिग्विजय ने रेवाड़ीह वार्ड में जमीन का छोटा टुकड़ा खरीदा और उसी पर आवास योजना के तहत आवेदन किया। कुछ महीनों में ही निर्माण की स्वीकृति मिल गई।
चंद्रिका साहू ने कहा, “गरीबी की दहलीज पर खुशी शर्तों के साथ आती है, लेकिन इस योजना के माध्यम से मिली पहली खुशी बिना शर्त के हमारे घर आई।”
दिग्विजय ने टाइल्स फर्श, व्यवस्थित कमरे, आधुनिक किचन और नल युक्त बाथरूम बनाकर अपने सपनों को साकार किया। आज पूरे परिवार के साथ वह अपने घर में सुखपूर्वक रह रहे हैं और प्रधानमंत्री आवास योजना की पूरी टीम को धन्यवाद दे रहे हैं।
यह कहानी उन कई लोगों के लिए प्रेरणा है, जो मेहनत और योजनाओं के सही उपयोग से अपने सपनों को हकीकत में बदल सकते हैं।

