राजनांदगांव। जल संसाधन संभाग राजनांदगांव ने मेसर्स सेवासिंह ओबेराय एण्ड कंपनी, पद्मनाभपुर को डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत खुर्सीपार स्थित बिल्हरी जलाशय के गहरीकरण एवं मलबा- मिट्टी परिवहन हेतु दी गई अनुमति तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी है।
अनुविभागीय अधिकारी जल संसाधन उप संभाग क्रमांक 01 द्वारा प्राप्त प्रतिवेदन में बताया गया है कि कंपनी ने निर्देशों का पालन नहीं किया, जिससे जलाशय को भविष्य में क्षति पहुंचने की संभावना बनी है। गहरीकरण के लिए कंपनी को बांधपार से 60 मीटर दूरी छोड़ने और केवल 0.60 मीटर गहरीकरण की अनुमति दी गई थी, लेकिन कंपनी ने 25-30 मीटर की दूरी छोड़कर 2 से 2.50 मीटर गहराई में गहरीकरण किया।
निर्देशों के अनुसार, बांधपार के डाऊनस्ट्रीम में 200 पौधे (ट्री गार्ड के साथ) लगाने थे, जो कंपनी ने नहीं लगाए। इसके अलावा जलाशय की स्थायी संरचना को लगातार नुकसान पहुंचाया गया।
शर्तों का पालन न करने के कारण अनुमति निरस्त करते हुए कंपनी को बांध और जलाशय में हुए नुकसान को तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कंपनी निर्देशों का पालन नहीं करती है, तो सिंचाई अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

