राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने 1 मई से प्रारंभ होने वाले प्रदेशव्यापी सुशासन तिहार के पहले सभी लंबित शासकीय प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की मैदानी समीक्षा सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने कहा कि अविवादित नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, मनरेगा मजदूरी भुगतान, हैण्डपंप सुधार, विद्युत व्यवस्था एवं वृद्धावस्था पेंशन सहित सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण किया जाए।
उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार के दौरान क्लस्टर आधारित जनसमस्या निवारण शिविर लगाए जाएंगे, जहां पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। कार्य में लापरवाही बरतने पर राजनांदगांव विकासखंड के राजस्व निरीक्षक को निलंबित करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अधीनस्थ अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही ई-ऑफिस के माध्यम से कार्य करने तथा कर्मयोगी पोर्टल पर प्रशिक्षण पूरा करने को कहा गया।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने जनगणना 2027 के स्व-गणना पोर्टल पर मोबाइल के माध्यम से अपना फार्म भरकर डिजिटल प्रक्रिया पूर्ण की।
राजस्व विभाग ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में 498 प्रकरणों का निराकरण किया गया है। कलेक्टर ने अधिग्रहित भूमि के रिकॉर्ड दुरुस्तीकरण के निर्देश भी दिए।
उन्होंने एचपीवी टीकाकरण अभियान को तेज करने पर जोर देते हुए कहा कि किशोरी बालिकाओं को गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए अधिक से अधिक टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। जिले में अब तक 852 बालिकाओं का टीकाकरण हो चुका है, जो प्रदेश में तीसरे स्थान पर है।
कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय में रसोई घर शिफ्टिंग कार्य शीघ्र पूर्ण करने और किराया बकाया रखने वाले दुकानदारों पर सीलिंग कार्रवाई के निर्देश दिए। अब तक 1 लाख रुपए किराया वसूला जा चुका है।
इसके अलावा जिले में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत 2,311 घरों में सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं। उज्ज्वला योजना में लक्ष्य के विरुद्ध 7,119 हितग्राहियों को नि:शुल्क गैस कनेक्शन दिया गया है।
कलेक्टर ने राशन कार्ड ई-केवाईसी के लिए शिविर लगाने, खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच, समर्थन मूल्य पर दलहन-तिलहन खरीदी शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए।
जिले के 3,357 हैण्डपंपों की मरम्मत कार्य पूर्ण किया जा चुका है। बैठक में सियान गुड़ी योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं जनदर्शन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय एवं श्री प्रेम प्रकाश शर्मा सहित अधिकारी उपस्थित थे।

