राजनांदगांव। महापौर मधुसूदन यादव की अध्यक्षता में निगम स्थित महापौर कक्ष में महापौर परिषद की बैठक संपन्न हुई। बैठक में संपत्तिकर की बढ़ी हुई दर पर पुनर्विचार कर इसे कम करने का निर्णय लिया गया। साथ ही महिला सशक्तिकरण के लिए अल्पकालिक जन जागरूकता अभियान की अनुशंसा कर इसे सामान्य सभा को भेजा गया।
महापौर यादव ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में संपत्तिकर निर्धारण के दौरान कई क्षेत्रों में दरें अप्रत्याशित रूप से बढ़ गई थीं। करदाताओं की शिकायत के बाद परिषद ने खुली भूमि और आवासीय संपत्ति पर 10 प्रतिशत और व्यवसायिक/औद्योगिक संपत्ति पर 20 प्रतिशत की वृद्धि करने का संशोधन किया। इससे करदाताओं को राहत मिलेगी और निगम की आय में संतुलित वृद्धि होगी।
बैठक में महिला सशक्तिकरण के लिए अल्पकालिक जागरूकता अभियान आयोजित करने की अनुशंसा की गई, ताकि शासन की योजनाएं महिलाओं तक पहुंच सकें। इसके अलावा राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को सहायता राशि का भुगतान, सामाजिक सुरक्षा पेंशन के पात्र आवेदनों की अनुशंसा और निगम स्वामित्व वाली दुकानों की लीज अवधि बढ़ाने संबंधी निर्णय भी लिए गए।
बैठक में महापौर परिषद के सदस्य सुनील साहू, राजेश जैन रानू, बिना ध्रुव, सावन वर्मा, शैंकी बग्गा, केवरा विजय राय, वर्षा शरद सिन्हा, राजा माखीजा, आलोक श्रोती, डीलेश्वर प्रसाद साहू, निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा, कार्यपालन अभियंता यू.के. रामटेके, प्र. सहायक अभियंता गरिमा वर्मा, प्र. स्वास्थ्य अधिकारी राजेश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

