राजनांदगांव। जिले में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना को अभूतपूर्व सफलता मिल रही है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव और सीईओ जिला पंचायत सुरूचि सिंह के मार्गदर्शन में योजना ग्रामीण स्तर तक तेजी से पहुँच रही है और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में उदाहरण पेश कर रही है।
जिले में अब तक 9078 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 2033 घरों में सौर प्रणाली की स्थापना पूरी हो चुकी है और 1443 लाभार्थियों को सब्सिडी का भुगतान भी किया गया। प्रतिदिन औसतन 25-30 आवेदन और 20 इंस्टॉलेशन हो रहे हैं। पिछले माह में 664 नए आवेदन और 449 इंस्टॉलेशन दर्ज किए गए।
प्रशासनिक पहल और समीक्षा
कलेक्टर द्वारा वेंडर्स, बैंक अधिकारियों, विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ नियमित समीक्षा बैठकें की गईं। शहरी निकायों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के साथ भी बैठकें आयोजित की गईं। शिकायतों के त्वरित समाधान और प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए।
गांव-गांव में सूर्य सभाएँ
जिले के सभी विकासखंडों में बड़े पैमाने पर सूर्य सभा आयोजित की गई। ग्रामीणों को योजना की जानकारी दी गई और मौके पर पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। इन सभाओं में हजारों नागरिकों ने हिस्सा लिया।
नागरिकों को सम्मान
कलेक्टर ने योजना में सक्रिय भागीदारी करने वाले लाभार्थियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इससे अन्य नागरिकों में भी जागरूकता और प्रोत्साहन बढ़ा है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक पहल का हिस्सा बनें और अपने घरों को स्वच्छ, सस्ते और निरंतर ऊर्जा स्रोत से सशक्त बनाएं। लक्ष्य है कि आने वाले महीनों में और अधिक परिवार इस योजना का लाभ उठाएं और राजनांदगांव हरित ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी जिले के रूप में उभरे।

