राजनांदगांव। भारत सरकार की जनगणना 2026-27 के लिए मकान सूचीकरण कार्य की प्रारंभिक तैयारी के तहत नगर निगम में एक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को भवन नम्बरिंग कार्य के बारे में जानकारी दी गई।
निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा की उपस्थिति में आयोजित इस प्रशिक्षण सत्र में जिला मास्टर ट्रेनर श्री दीपक ठाकुर ने अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना के दौरान मकान सूचीकरण और भवन नम्बरिंग के क्रियान्वयन की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि 1 मई से 30 मई 2026 तक राज्य शासन द्वारा मकान सूचीकरण कार्य संपादित किया जाएगा, और इसके तहत प्रत्येक वार्ड के भवनों को क्रमबद्ध तरीके से नंबर दिया जाएगा, जिससे जनगणना ब्लॉक्स का निर्धारण किया जा सकेगा।
निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा ने इस अवसर पर कहा कि जनगणना कार्य बहुत महत्वपूर्ण है, और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जानी चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से चरणबद्ध तरीके से कार्य संपन्न करने के निर्देश दिए। उन्होंने मकान और भवन नम्बरिंग के कार्य को गंभीरता से करने की अपील की, ताकि कोई भी भवन या मकान छूट न सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्र. कार्यपालन अभियंता श्री प्रणय मेश्राम, राजस्व अधिकारी श्री राजेश तिवारी, प्र. सहायक अभियंता श्री गरिमा वर्मा, सुश्री सुषमा साहू, और प्र. स्वास्थ्य अधिकारी श्री राजेश मिश्रा सहित अन्य निगम अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

