राजनांदगांव। आगामी होली पर्व को ध्यान में रखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम द्वारा जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर डोंगरगांव विकासखंड के प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा जांच की गई। इस दौरान चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से डोंगरगांव और अर्जुनी से विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 88 नमूने संकलित किए गए, जिनमें से 3 नमूने अवमानक पाए गए, जबकि 2 नमूनों के लेबल में त्रुटियां पाई गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने डोंगरगांव स्थित राहुल स्वीट्स से बूंदी लड्डू, पनीर और पेड़ा, मानसरोवर होटल से कलाकंद, मोतीचूर लड्डू और पेड़ा, गौतम जलपान गृह से मलाई चाप, कलाकंद, मगज लड्डू और बूंदी लड्डू तथा अर्जुनी स्थित मेसर्स धनीराम जगदीशराम एण्ड संस से मैदा, उरद दाल, मसूर दाल, बेसन और सोयाबीन तेल के नमूने संकलित कर जांच हेतु भेजे हैं।
खाद्य विभाग ने खाद्य कारोबारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे खाद्य पदार्थों का विक्रय, भंडारण और विनिर्माण नियमानुसार करें, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ मिलें। खाद्य सुरक्षा विभाग ने यह भी अपील की है कि किसी भी प्रतिष्ठान में मिलावटी या दूषित खाद्य सामग्री बेची जा रही हो, तो इसकी सूचना विभाग की हेल्पलाइन 9340597097 पर दी जाए।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम द्वारा होली पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है ताकि जिले के नागरिकों तक सही गुणवत्ता का खाद्य पदार्थ पहुंच सके।

