राजनांदगांव। जिले के समस्त ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस और जनता के बीच विश्वास और संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन में चलित थाना अभियान-संवाद की शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत पुलिस अधिकारी और कर्मचारी गांव-गांव जाकर सीधे ग्रामीणों से संवाद करेंगे और जमीनी स्तर पर कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने की कोशिश करेंगे।
अभियान का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच संवाद को सशक्त बनाना है, ताकि समाज में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़े और सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिले। पुलिस और नागरिकों के बीच प्रभावी सूचना का आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे स्थानीय समस्याओं का समाधान जल्दी और प्रभावी तरीके से हो सके।
अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में उत्पन्न होने वाले विवादों का प्राथमिक स्तर पर समाधान किया जाएगा। यदि दो पक्षों के बीच कोई विवाद उत्पन्न होता है, तो उसे संवाद के माध्यम से सुलझाने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही अवैध गतिविधियों जैसे जुआ, सट्टा, अवैध शराब आदि के संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी और इस प्रकार की गतिविधियों की रोकथाम की जाएगी।
अभियान का एक अन्य महत्वपूर्ण उद्देश्य 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों की पहचान करना है, जो अपराध की ओर अग्रसर हो सकते हैं। शासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों से संवाद कर ऐसे बच्चों की जानकारी प्राप्त की जाएगी और उन्हें समय रहते समझाइश दी जाएगी। इसके अलावा, साइबर अपराधों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा और यातायात नियमों के पालन के लिए भी लोगों को सचेत किया जाएगा।
इस अभियान में थाना प्रभारी से लेकर आरक्षक स्तर तक के सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल होंगे। खासकर, संवेदनशील गांवों में थाना प्रभारी का स्वयं जाना अनिवार्य किया गया है, ताकि त्वरित समाधान और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
यह अभियान जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को सुदृढ़ करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। इस पहल से पुलिस और समाज के बीच सामंजस्य बढ़ेगा और अपराधों की रोकथाम में भी मदद मिलेगी। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने इस अभियान की सफलता की कामना की और ग्रामीणों से अपील की कि वे इस प्रयास में पुलिस का सहयोग करें।

ताज़ा ख़बर :
- मोदी सरकार के 12 साल की उपलब्धियों को देख रहे लोग, बृजमोहन अग्रवाल ने किया फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन
- टीएल बैठक में कलेक्टर के कड़े निर्देश : सीएम हेल्पलाइन के आवेदनों का समय-सीमा में करें गुणवत्तापूर्ण निराकरण
- जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी लोगों की समस्याएं, कई मामलों का मौके पर हुआ समाधान
- हाईरिस्क 1884 गर्भवती महिलाओं की हुई नि:शुल्क सोनोग्राफी, मातृ-शिशु मृत्यु दर कम करने पर फोकस
- यूपीएससी चयनित अभ्यर्थी देंगे सफलता के मंत्र, 20 जून को होगा मार्गदर्शन कार्यक्रम
- जनदर्शन में पहुंची फरियाद तो मिली राहत, कृषक की पैतृक जमीन अवैध कब्जे से मुक्त
- खरीफ सीजन के लिए समितियों में पर्याप्त खाद-बीज उपलब्ध, किसानों को नहीं होगी परेशानी
- विश्व रक्तदान दिवस पर जिले में 155 यूनिट रक्त संग्रह, समाजसेवियों और जवानों ने दिखाई सहभागिता
