राजनांदगांव। महापौर मधुसूदन यादव आज मोहारा वार्ड में ढाबा सोसायटी अंतर्गत स्थित धान खरीदी केन्द्र का औचक निरीक्षण करने पहुँचे। इस दौरान उन्होंने अन्नदाताओं से धान खरीदी की प्रक्रिया और केन्द्र में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
निरीक्षण में महापौर के साथ जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित के अध्यक्ष सचिन सिंह बघेल, वार्ड पार्षद आलोक श्रोती, बैंक शाखा प्रबंधक मनीष श्रीवास्तव एवं प्रभारी प्रबंधक मुकेश बंछोर मौजूद रहे। धान खरीदी केन्द्र के प्रभारी अधिकारी और कर्मचारियों ने किसानों को धान की खरीदी निर्बाध और सुचारू रूप से प्रदान करने की जानकारी दी।
महापौर मधुसूदन यादव की टीम ने किसानों से व्यक्तिगत और सामूहिक रूप से बातचीत कर केन्द्र की व्यवस्थाओं, सुविधाओं और संभावित समस्याओं का फीडबैक लिया। किसानों ने केन्द्र में धान खरीदी में किसी प्रकार की परेशानी न होने की पुष्टि की और बारदाना की उपलब्धता को पर्याप्त बताया।
महापौर ने कर्मचारियों की हड़ताल जैसी किसी भी स्थिति में अन्नदाताओं को परेशानी न हो, इस बात का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी केन्द्रों में समय-समय पर निरीक्षण जारी रहेगा ताकि किसानों को बेहतर सेवाएँ मिलती रहें।

