राजनांदगांव। जिले में राज्य शासन द्वारा समर्थन मूल्य एवं कृषक उन्नति योजना के तहत धान खरीदी होने से किसानों में खुशी और उत्साह का माहौल बना हुआ है। धान उपार्जन केन्द्रों में किसान अपनी उपज लेकर पहुँच रहे हैं और केन्द्रों में उपलब्ध सुविधाओं की प्रशंसा कर रहे हैं।
धान उपार्जन केन्द्र रेंगाकठेरा में धान विक्रय करने खपरीकला के किसान श्री दुलेश्वर साहू पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी श्रीमती इंदूवती के नाम पर 4 एकड़ खेती भूमि है। इस बार वे 217 कट्टा धान बेचने आए हैं। श्री दुलेश्वर ने कहा कि पिछले वर्ष राज्य शासन द्वारा प्रति क्विंटल 3100 रुपए की दर से धान खरीदी से उन्हें अच्छा लाभ मिला था, जिसका उपयोग खेती-किसानी और घरेलू खर्च में किया गया।
किसान श्री दुलेश्वर साहू ने बताया कि राज्य शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से किसानों को आर्थिक लाभ और सशक्तिकरण मिल रहा है। उन्होंने कहा कि धान उपार्जन केन्द्र रेंगाकठेरा में अच्छी व्यवस्था है, हमालों और बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता है और इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र से धान की तौलाई की जा रही है, जो किसानों के लिए सुविधाजनक है।
उन्होंने कहा कि शासन द्वारा प्रति क्विंटल 3100 रुपए और प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से धान खरीदी की जा रही है, जिससे किसान सही मूल्य पर धान बेच पा रहे हैं। श्री दुलेश्वर ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की सराहना करते हुए कहा कि सरकार द्वारा धान का अच्छा समर्थन मूल्य मिलने से किसान समृद्ध हो रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को हृदय से धन्यवाद भी दिया।

