राजनांदगांव। जिले में धान खरीदी को लेकर किसानों में खुशी और उल्लास का माहौल है। राज्य शासन द्वारा समर्थन मूल्य एवं कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों से प्रति क्विंटल 3100 रुपए की दर और प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक के मान से धान खरीदी की जा रही है।
ग्राम मोखला की किसान श्रीमती किरण साहू धान की बिक्री के लिए धान उपार्जन केन्द्र भर्रेगांव पहुंचीं। उन्होंने बताया कि उनके पास 3.40 एकड़ जमीन है और इस वर्ष वे यहां 71.20 क्विंटल धान बेचने आई हैं। टोकन उन्होंने तुंहर हाथ मोबाइल एप के माध्यम से प्राप्त किया।
श्रीमती किरण ने कहा कि धान खरीदी केन्द्रों में पेयजल, प्रकाश, इलेक्ट्रॉनिक मशीन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष धान बिक्री से प्राप्त राशि से उन्होंने बेटी की शादी करायी थी और इस वर्ष प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर का निर्माण भी पूरा हो गया। उन्होंने इस योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को तहेदिल से धन्यवाद कहा।
धान खरीदी केन्द्रों में आधार आधारित बायोमैट्रिक खरीद प्रणाली के माध्यम से धान खरीदी की जा रही है। पर्याप्त बारदाने उपलब्ध हैं और इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र से धान की तौलाई की जा रही है।
किसानों का कहना है कि इस योजना से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और वे समृद्धि की ओर बढ़ रहे हैं।

