राजनांदगांव। जिले में नशा उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत घुमका पुलिस ने अवैध रूप से शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। गुरुवार को पुलिस ने पटेवा रोड स्थित शराब दुकान के पास संचालित चखना सेंटरों पर छापामार कार्रवाई करते हुए दो दुकानदारों को गिरफ्तार किया है।
नशा उन्मूलन अभियान के तहत कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में जिले भर में अवैध गतिविधियों और नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और एसडीओपी श्रीमती मंजूलता बाज के मार्गदर्शन में थाना घुमका पुलिस ने अवैध अहातों पर लगाम लगाने के लिए टीम गठित कर रेड की कार्रवाई की।
दो आरोपी गिरफ्तार, आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस को सूचना मिली थी कि पटेवा रोड चौक स्थित देशी शराब दुकान के आसपास कुछ चखना दुकानों में अवैध रूप से शराबियों को बैठाकर शराब पिलाई जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी की, जहाँ दो व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर पीने-पिलाने की सुविधा मुहैया कराते रंगे हाथों पकड़े गए। पकड़े गए आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:
रोहित वर्मा (37 वर्ष), निवासी घुमका।
शिव वर्मा (55 वर्ष), निवासी घुमका।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध 36(सी) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
जारी रहेगी कार्रवाई
घुमका पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने की सुविधा देने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्र के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

