राजनांदगांव। राजनांदगांव पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा उन्मूलन अभियान के तहत चिचोला चौकी पुलिस ने अवैध शराब की बिक्री करने वाले एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में देशी मदिरा जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 6 मई को चिचोला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति ग्राम रंगीटोला से शराब खरीदकर बेचने के लिए नारायणगढ़ की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने ग्राम लालबहादुर नगर के पास दबिश दी।
भागने की कोशिश कर रहा था आरोपी
पुलिस की गाड़ी को देखकर आरोपी संदिग्ध युवक ने भागने का प्रयास किया, जिसे पुलिस कर्मियों ने घेराबंदी कर मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम वेदकुमार वर्मा उर्फ छोटे (23 वर्ष), निवासी ग्राम नागतराई, थाना डोंगरगढ़ बताया।
30 पौवा शराब जब्त
पुलिस ने जब आरोपी के पास मौजूद पीले रंग की प्लास्टिक बोरी की तलाशी ली, तो उसमें 30 पौवा शोले प्लेन देशी मदिरा (कुल मात्रा 5.400 बल्क लीटर) बरामद हुई। बरामद शराब की कीमत करीब 2400 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
आरोपी को गुरुवार को माननीय न्यायालय डोंगरगढ़ के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक योगेश पटेल, सउनि. बिरेन्द्र नाविक सहित स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

