राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत स्व-सहायता समूहों के बैंक लिंकेज में बढ़ रहे एनपीए के निराकरण और अन्य वित्तीय समावेशन गतिविधियों को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक जिला पंचायत सभाकक्ष में संपन्न हुई।
जिला पंचायत सीईओ सुश्री सुरूचि सिंह, राज्य कार्यक्रम प्रबंधक श्री आशुतोष कुमार सिंह और सहायक राज्य कार्यक्रम प्रबंधक श्री संतोष कुमार शर्मा बैठक में मौजूद रहे।
बैठक में बैंक लिंकेज की प्रक्रिया, एनपीए खातों के निराकरण, सीबीआरएम समिति के माध्यम से ऋण वापसी तंत्र को सक्रिय करने, इंटरप्राइज फाइनेंस और बीमा योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला राजनांदगांव के अग्रणी बैंक प्रबंधक, विकासखण्डों के बीपीएम, क्षेत्रीय समन्वयक, पीआरपी, एफएलसीआरपी, बैंक मित्र और जिला स्तरीय अधिकारी समेत कुल 90 प्रतिभागी शामिल हुए।
बैठक के बाद राज्य कार्यालय के अधिकारियों ने जिले की विभिन्न बैंक शाखाओं का दौरा किया और बैंक प्रबंधकों व स्टाफ को निर्देश दिए कि भारतीय रिजर्व बैंक के दिशानिर्देशों के तहत स्व-सहायता समूहों के ऋण प्रकरणों में उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और एनआरएलएम के कार्यों में समन्वय बनाए रखा जाए।

