राजनांदगांव। महापौर मधुसूदन यादव ने महेश नगर और आर्शीवाद कालोनी में पानी निकासी की समस्या का स्थल निरीक्षण किया। वार्डवासियों से समस्या की जानकारी लेने के बाद उन्होंने कच्ची नाली खोदकर पानी निकासी कराने के निर्देश दिए।
महापौर के साथ पार्षद सेवक उईके और निगम के तकनीकी अधिकारी भी मौजूद थे। महेश नगर और आर्शीवाद कालोनी में घरों का पानी न निकलने के कारण जलभराव की स्थिति बन रही थी। इसी समस्या को देखते हुए महापौर ने तुरंत कार्रवाई करने के आदेश दिए।
निर्देशानुसार जेसीबी की मदद से कच्ची नाली खोदकर भरे पानी की निकासी कराई गई। महापौर ने कहा कि स्थायी समाधान के लिए महेश नगर और आर्शीवाद कालोनी में नाली निर्माण किया जाएगा और इसे डोंगरगढ़ रोड नाले से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने कार्यपालन अभियंता दीपक खांडे और उप-अभियंता अनुप पांडे को निर्देश दिए कि बारिश से पहले सभी नालियों का निर्माण सुनिश्चित करें। गांधी नगर में पुलिया निर्माण करने की भी बात कही गई। महापौर ने कहा कि बरसात से पहले पानी भरान वाले क्षेत्रों में जलनिकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

