राजनांदगांव। शहर की खूबसूरती बिगाड़ने वाले अवैध होर्डिंग्स और विज्ञापनों के खिलाफ नगर निगम ने अभियान तेज कर दिया है। निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा के निर्देश पर बुधवार को निगम की टीम ने शहर के प्रमुख मार्गों पर कार्रवाई करते हुए डिवाइडर और विद्युत पोलों पर लगे 170 छोटे विज्ञापन बोर्ड और पोस्टरों को हटा दिया। आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति विज्ञापन लगाने वालों के विरुद्ध अब सीधे एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
नियमों की उड़ रही धज्जियां
नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने बताया कि शहर में कई विज्ञापन एजेंसियां और निजी संस्थान नियमों को ताक पर रखकर बिना अनुमति के बिजली के खंभों, डिवाइडरों, निजी भवनों की छतों और दीवारों पर होर्डिंग्स लगा रहे हैं। यह ‘छत्तीसगढ़ विज्ञापन पंजीयन एवं विनियमन उपविधि 2012’ की कंडिका 9 का स्पष्ट उल्लंघन है। साथ ही नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 की धाराओं के तहत यह दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है।
लगातार जारी है कार्रवाई
निगम की टीम ने बुधवार को शहर के जमातपारा, फव्वारा चौक, दिग्विजय कॉलेज रोड, गौरव पथ, अनुपम नगर और अंबेडकर चौक जैसे व्यस्ततम इलाकों में कार्रवाई की। गौरतलब है कि इससे पहले भी निगम ने अभियान चलाकर लगभग 500 अवैध बोर्ड हटाए थे। निगम प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यह अभियान रुकने वाला नहीं है और शहर के हर हिस्से से अवैध प्रचार सामग्री हटाई जाएगी।

