डोंगरगढ़। नाबालिग पीड़िता को बहला-फुसलाकर भगाकर हैदराबाद ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोपी शरद लाऊत्रे (20, पुत्र सोहन लाऊत्रे, दंतेश्वरी पारा, डोंगरगढ़) को डोंगरगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।
घटना के अनुसार, पीड़िता की बहन 6 सितंबर 2025 को बिना बताए घर से चली गई थी। परिवार को बाद में जानकारी मिली कि वह आरोपी शरद लाऊत्रे के साथ हैदराबाद में रह रही है। पीड़िता 2 फरवरी 2026 को घर वापस आई और बताया कि आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर भगाया और कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
इस पर थाना डोंगरगढ़ में अपराध क्रमांक 150/2026 के तहत धारा 137(2), 64(2)(m) बीएनएस एवं धारा 4, 6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और एसडीओपी डोंगरगढ़ श्री केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी संतोष जायसवाल की टीम ने आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया।

