राजनांदगांव। राजनांदगांव पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है। वीडियो में वाहन चालकों द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए खतरनाक तरीके से वाहन चलाने और नाबालिक बच्चों को वाहन में सवार कर अनधिकृत तरीके से चलाने का मामला सामने आया था।
दिनांक 30 दिसंबर 2025 को सोशल मीडिया साइट इंस्टाग्राम पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें 6 वाहन (क्रेटा क्रमांक सीजी 04-क्यूजे 9800, जीप्सी क्रमांक आरजे/141/सी/1151, जीप्सी क्रमांक पीबी 47-डी 6347, स्कार्पियो क्रमांक सीजी 04-पीसी 6347, क्रेटा क्रमांक सीजी 08-एएम 5001, कार क्रमांक सीजी 04-एचक्यू 2762) के चालक यातायात के नियमों का उल्लंघन करते हुए वाहन चलाते नजर आए। वीडियो में दिखा कि इन वाहनों में नाबालिक बच्चे भी सवार थे और कुछ बच्चे वाहन के अंदर व बाहर दौड़ रहे थे, जिससे उनकी जान को खतरा था।
पुलिस ने इस वीडियो का संज्ञान लिया और आरोपित वाहन चालकों के खिलाफ थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 611/2025 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 281, 285 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184, 182 (1) (क) के तहत एफआईआर दर्ज की।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा और नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के निर्देश पर थाना प्रभारी एमन साहू और यातायात निरीक्षक नवरतन कश्यप ने सभी आरोपित वाहन मालिकों और चालकों से पूछताछ की। चालकों ने जुर्म करना स्वीकार किया और घटना में प्रयुक्त वाहनों को जप्त किया गया। वाहन चालकों को गिरफ्तार कर जमानत पर रिहा कर दिया गया, हालांकि एक वाहन चालक की गिरफ्तारी अभी बाकी है।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने विशेष काउंसलिंग सत्र आयोजित किया, जिसमें नाबालिक बच्चों को एक जिम्मेदार नागरिक बनने और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने की सलाह दी गई। इसके साथ ही बच्चों के अभिभावकों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं के जोखिमों के बारे में अवगत कराया गया और इस प्रकार की पुनरावृत्ति ना होने की सख्त हिदायत दी गई।
राजनांदगांव पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी प्रकार का नियम उल्लंघन या जोखिमपूर्ण गतिविधि देखें तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि जन सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
राजनांदगांव पुलिस उन सभी का धन्यवाद करती है, जिनके माध्यम से यह वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया और त्वरित कार्रवाई की जा सकी।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी एमन साहू, यातायात निरीक्षक नवरतन कश्यप, उप निरीक्षक देवादास भारती, आरक्षक कपिल श्रीवास्तव, कुशच बघेल, प्रवीण मेश्राम, राजेश बंदेश्वर, रूपेन्द्र वर्मा और अन्य पुलिसकर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

ताज़ा ख़बर :
- आयुक्त ने राजस्व वसूली की समीक्षा, बड़े बकायादारों के नल विच्छेदन और नाम प्रकाशन के दिये सख्त निर्देश
- महापौर ने ठेठवार पारा में नाली निर्माण का किया स्थल निरीक्षण
- स्टेशन रोड सौंदर्यीकरण के लिए निगम ने अतिक्रमण हटाया
- नगर निगम ने बड़े बकायादारों की सूची प्रकाशित, आयुक्त ने समय पर भुगतान की अपील
- लंबित राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण हेतु विशेष अभियान चलाया
- कलेक्टर ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली, प्रतियोगी परीक्षाओं और विशेष कक्षाओं पर दिए निर्देश
- खनिजों के अवैध परिवहन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, कई वाहनों को थाना सुपुर्द किया गया
- जिला चिकित्सालय में प्रसूता महिलाओं के लिए नवीन ऑपरेशन थियेटर हुआ क्रियाशील
