राजनांदगांव। शासकीय योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर जिला पंचायत प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। इसी सिलसिले में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने जनपद पंचायत छुरिया के अंतर्गत ग्राम पंचायत महाराजपुर, खोभा एवं केशोटोला का सघन दौरा किया। उन्होंने मैदानी स्तर पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए।
बच्चों से मिले, पीएम आवास के हितग्राहियों से किया संवाद
सीईओ दुर्गा प्रसाद अधिकारी ने महाराजपुर में पूर्व माध्यमिक शाला और आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनबाड़ी में बच्चों की उपस्थिति और पोषण आहार वितरण की व्यवस्था देखी। स्कूल में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता परखने के साथ ही परिसर में बने प्रार्थना शेड का भी अवलोकन किया। इसके बाद वे प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे मकानों को देखने पहुंचे और हितग्राहियों से बात कर फीडबैक लिया।
‘सूर्य सभा’ में दी मुफ्त बिजली योजना की जानकारी
ग्राम पंचायत खोभा के आवास पारा पहुंचे सीईओ ने निर्माणाधीन रिचार्ज शाफ्ट और पीएम आवासों का निरीक्षण किया। यहां महिला स्वसहायता समूह द्वारा संचालित दुकान को देखकर उन्होंने महिलाओं की आजीविका गतिविधियों की सराहना की। इस दौरान ग्रामीणों की मौजूदगी में ‘सूर्य सभा’ का आयोजन किया गया।
“प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ग्रामीण क्षेत्रों के लिए एक बेहतरीन पहल है। ग्रामीण अपने घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करवाएं। इससे न सिर्फ बिजली बिल के खर्च में बड़ी बचत होगी, बल्कि स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा।”
— दुर्गा प्रसाद अधिकारी, सीईओ, जिला पंचायत
नवाचार: श्रमदान से सज रही केशोटोला में ‘आवास वाटिका’
निरीक्षण के आखिरी चरण में सीईओ केशोटोला पहुंचे, जहां ग्रामीणों के नवाचार और श्रमदान से ‘आवास वाटिका’ विकसित की जा रही है। उन्होंने इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए इसके और बेहतर विकास के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने जनपद परिसर में संचालित सी-मार्ट का अवलोकन किया और महिला समूहों का उत्साह बढ़ाने के लिए खुद उनके द्वारा निर्मित उत्पादों की खरीदी की।
इस दौरान छुरिया जनपद सीईओ होरीलाल साहू, एसडीओ (आरईएस) जीपी लरिया सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

