राजनांदगांव। खरीफ सीजन 2026 में किसानों को खाद की किल्लत न हो और बिचौलिये इसका फायदा न उठा सकें, इसके लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर शुक्रवार को कृषि और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने डोंगरगढ़ विकासखंड के बेलगांव में बड़ी दबिश दी। यहाँ मेसर्स माँ शीतला कृषि केन्द्र के गोदाम में अवैध रूप से स्टोर की गई 2253 बोरी रासायनिक खाद बरामद की गई, जिसके बाद टीम ने तुरंत गोदाम को सील कर दिया।
बिना रिकॉर्ड मिला खाद का बड़ा जखीरा
टीम ने बेलगांव स्थित कृषि केंद्र और माड़ीतराई में बने इसके गोदाम का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान मौके पर भारी मात्रा में उर्वरक मिला, जिसका नियमानुसार भंडारण रिकॉर्ड नहीं था। टीम ने उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 के उल्लंघन पर सभी बोरियों को जब्त कर लिया।
गोदाम से क्या-क्या मिला?
यूरिया: 355 बोरी (NFL और HURL)
किसान सुपर: 975 बोरी (पाउडर और दानेदार)
NPK: 598 बोरी
MOP: 273 बोरी
DAP: 52 बोरी
नोटिस जारी: साक्ष्य नहीं दिए तो होगी कड़ी कार्रवाई
कृषि विभाग ने संबंधित संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय में खाद के वैध दस्तावेज और साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए गए, तो लाइसेंस रद्द करने सहित आगामी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

